बारां , सितम्बर 21 -- राजस्थान में बारां जिला कांग्रेस समिति ने शहरी निकाय चुनावों में कांग्रेस को मिले जनसमर्थन पर जिले की जनता का आभार जताया है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में जिले की चारों सीटें भाजपा के पक्ष में जाने के बाद ढाई वर्ष के शासन से जनता में असंतोष बढ़ा, जिसका असर अब शहरी निकाय चुनावों में दिखाई दिया है। उन्होंने कहा कि अंता विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद यह जनभावना और स्पष्ट हुई थी।

श्री मीणा ने कहा कि जिले की छह स्थानीय निकायों में से अंता, अटरू और सीसवाली में कांग्रेस के बोर्ड बनने जा रहे हैं। कांग्रेस जहां मामूली अंतर से पीछे रही, वहीं संगठन और चुनावी रणनीति की समीक्षा करके कमियों को दूर किया जाएगा।

उन्होंने बारां नगर परिषद के परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव की तुलना में शहर में भाजपा के मत प्रतिशत में बड़ी गिरावट आई है। 60 वार्डों में भाजपा को केवल नौ सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 18 वार्डों में जीत दर्ज की और कई वार्डों में मामूली अंतर से पराजित हुई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सत्ता और प्रशासन के प्रभाव का चुनावों में दुरुपयोग किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित