इस्लामाबाद , मई 06 -- पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने होर्मुज जलडमरूमध्य में 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' को रोकने की घोषणा और साहसी नेतृत्व के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आभार व्यक्त किया है।
श्री शरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान और अन्य मित्र देशों, विशेष रूप से सऊदी अरब और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के अनुरोध पर श्री ट्रंप की यह उदार प्रतिक्रिया इस संवेदनशील अवधि के दौरान क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और सुलह को आगे बढ़ाने में बहुत सहायक सिद्ध होगी।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान संयम को बढ़ावा देने और संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के सभी प्रयासों का समर्थन करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
श्री शरीफ ने उम्मीद जताई कि वर्तमान गति एक स्थायी समझौते की ओर ले जाएगी, जिससे क्षेत्र और उसके बाहर टिकाऊ शांति और स्थिरता सुनिश्चित हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि बुधवार तड़के अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रोजेक्ट फ्रीडम को रोकने की घोषणा की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एकाउंट ट्रूथ सोशल पर कहा कि पाकिस्तान और अन्य देशों के अनुरोध तथा ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान में मिली जबरदस्त सफलता के बाद 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित