शहडोल , मई 4 -- मध्यप्रदेश में शहडोल जिले के ब्योहारी थाना क्षेत्र के सूखा गांव में एक बोरवेल मशीन लगे ट्रक ने जानवर को बचाने के प्रयास में तीन राहगीरों को कुचल दिया, जिससे माँ-बेटे की मौके पर ही मृत्यु हो गई और एक बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा कल शाम लगभग सात बजे हुआ। दुर्घटना में अंशु उर्मलिया (35) और उनके पुत्र राधारमण उर्मलिया (3) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आस्था तिवारी (12) गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रक को रोककर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल बालिका को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आज शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित