शहडोल , जुलाई 27 -- मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के तीन गांवों में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार रविवार देर शाम झींक बिजुरी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से धर्मेन्द्र सिंह (11) की मृत्यु हो गई। वहीं, चुटकी टोला में किशन बाई गोंड़ (28) तथा सुन्दर पाव (55) की भी बिजली गिरने से मौत हो गई।

घटना के दौरान मृतकों के साथ खेत में कार्य कर रहे 10 अन्य लोग भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित