शहडोल , अगस्त 18 -- मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में 13 जुलाई को चिकन शॉप संचालक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार आरोपी राजकुमार मिश्रा को पुलिस ने छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर शहडोल रेंज के आईजी ने 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस अधीक्षक संजय अग्रवाल के अनुसार पुलिस को आरोपी के बागेश्वर धाम में होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसकी तलाश शुरू की। बीती शाम आरोपी भंडारे की लाइन में लगा मिला। पुलिसकर्मियों ने उसे पहचानकर घेरने का प्रयास किया तो वह भागने लगा, जिसे पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी राजकुमार मिश्रा पर 13 जुलाई को रामपुर गांव में चिकन शॉप संचालक की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। गिरफ्तार आरोपी को शहडोल लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के मामले में उससे घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित