अलवर , जून 28 -- राजस्थान के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने रविवार को राजकीय गीतानंद शिशु चिकित्सालय में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर पोलियो मुक्त भारत का संदेश दिया।

श्री शर्मा ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान आयोजित किया जाता है। केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रभावी निगरानी एवं अनूठे प्रयासों एवं हमारे चिकित्सा अधिकारियों की मेहनत का परिणाम है कि देश पोलियो की बीमारी से मुक्त है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में 1851 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां चिकित्साकर्मी बच्चों को पोलियो की खुराकर पिला रहे हैं। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टेण्ड आदि सार्वजनिक स्थानों पर भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। श्री शर्मा ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की दवा पिलाना है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि पोलियो बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिये अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक आवश्यक रूप से पिलाएं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र शर्मा ने बताया कि जिले में इस वर्ष जन्म से पांच वर्ष तक के करीब दो लाख 75 हजार बच्चों को विभिन्न पोलियो बूथों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों और सामुदायिक स्थलों पर पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। इसके अलावा शेष बच्चों को स्वास्थ्यकर्मियों के दल दूसरे एवं तीसरे दिन घर-घर जाकर दवा पिलाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित