अलवर , अप्रैल 23 -- राजस्थान के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने गुरुवार को नगर निगम, नगर विकास न्यास (यूआईटी), जल संसाधन एवं वन विभाग के अधिकारियों के दल के साथ जल संरक्षण से संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण करके आवश्यक निर्देश दिये।
श्री शर्मा ने जल संरक्षण से संबंधित कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने एनिकट एवं बांध निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए इनके सभी कार्य मानसून से पूर्व पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि एनिकट एवं बांध में वर्षा जल आने में कोई अवरोध न रहे इसके लिए आसपास के भराव क्षेत्र में साफ-सफाई कराई जाये।
श्री शर्मा ने इन सभी एनिकट को आदर्श एनिकट के रूप में विकसित करने के दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक एनिकट के किनारे भ्रमण के लिये सुन्दर पगडंडी, हरित एवं सौन्दर्यकरण के कार्य कराएं। उन्होंने कहा कि इन एनिकटों के बनने से पर्यावरण संरक्षण के साथ वन्यजीवों एवं पेड-पौधों को जल की उपलब्धता होने के साथ वर्षा जल संरक्षण से शहर के बडे क्षेत्र में भूमिगत जल स्तर में वृद्धि होगी। इन एनिकटों के सौन्दर्यीकरण से पर्यटन में भी वृद्धि होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित