अलवर , अप्रैल 13 -- राजस्थान के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने सोमवार को नगर निगम एवं नगर विकास न्यास के अधिकारियों की टीम के साथ अलवर शहर के चारों प्रवेश मार्गों पर आकर्षक प्रवेश द्वार बनाए जाने वाली जगहों का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
श्री शर्मा ने कहा कि अलवर शहर में आने वाले आगन्तुकों एवं पर्यटकों को शहर आकर्षक स्वरूप में दिखे, इसके लिए बहरोड़ रोड, तिजारा रोड, रामगढ़ रोड व ढाई पैड़ी पर अलवर शहर के चारों प्रवेश मार्गों पर कटी घाटी की तर्ज पर आकर्षक एवं भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण किया जाये।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि अलवर जिले की पहचान राजस्थान के सिंहद्वार के रूप में रही है, इसको दृष्टिगत रखते हुए पर्यटन को बढावा देने एवं शहर के सौन्दर्यकरण के लिए प्रवेश द्वारों का निर्माण विशेष थीम पर कार्य योजना तैयार कर यथाशीघ्र कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया प्रवेश द्वारों का निर्माण कार्य में स्थानीय कला एवं स्थापत्य शैली को प्राथमिकता देते हुए गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप में पूर्ण कराया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित