ऋषिकेश , जून, 04 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में सड़क किनारे बैठकर शराब पीने से टोकना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। गुरुवार को भट्टोवाला प्लांटेशन क्षेत्र में बाइक सवार तीन बदमाशों ने विरोध करने वाले ग्रामीणों पर तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में दो युवक घायल हो गए। घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब साढ़े तीन बजे भट्टोवाला प्लांटेशन के पास कुछ स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे तीन युवकों को सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने से रोका। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ता देख तीनों युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद तमंचों से लैस होकर वापस लौट आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी विरोध करने वाले लोगों को तलाशते हुए मौके पर पहुंचे और उन्हें देखते ही घेर लिया। इसी दौरान गांव के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि बदमाशों ने बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली मनीष व्यास के हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली जसपाल रावत की जांघ को छूते हुए निकल गई। दोनों घायल होकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फायरिंग के बाद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि उसके दो साथी जंगल की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही ऋषिकेश पुलिस मौके पर पहुंची और फरार बदमाशों की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में सघन कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना में घायल दोनों युवकों को तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित