भिण्ड , मार्च 2 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में एक युवक की कथित रूप से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लश्कर रोड निवासी ऑल मोहम्मद कुरैशी के रूप में हुई है, जो महिला एवं बाल विकास विभाग में क्लर्क के पद पर पदस्थ थे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात कुछ मित्र उन्हें शराब पार्टी के लिए रानी के ताल रोड स्थित एक मकान पर ले गए थे। मोहल्ला वासियों के अनुसार पार्टी के दौरान शराब कम पड़ने पर वे अपने साथियों के साथ पास में अवैध रूप से शराब बेचने वाले एक युवक के घर पहुंचे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया।

बताया जाता है कि मारपीट के बाद साथी मौके से चले गए और उन्हें वहीं छोड़ दिया। रविवार सुबह गली में उनका शव पड़ा देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों का आरोप है कि पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ और दोस्तों ने ही उनकी हत्या की है। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने दो से तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ब्रजेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि शराब पार्टी में मारपीट हुई या नहीं, यह जांच का विषय है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित