बैतूल , जनवरी 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के खेड़ली बाजार की महिलाएं अपने इलाके में खुली शराब की दुकान से अपनी सुरक्षा को खतरे और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित होकर करीब 50 किलोमीटर का सफर तय कर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं।

मंगलवार को हुए इस घटनाक्रम के तहत महिलाओं ने गांव के बीच रिहायशी इलाके में संचालित देशी-विदेशी शराब दुकान को हटाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा और कहा कि इस दुकान की वजह से उनका रोजमर्रा का जीवन असुरक्षित होता जा रहा है।

महिलाओं ने बताया कि शराब दुकान आंगनवाड़ी केंद्र, उचित मूल्य दुकान, माध्यमिक शाला, शिव मंदिर और सामुदायिक भवन के बेहद पास स्थित है। इसी रास्ते से रोज बच्चे स्कूल जाते हैं और महिलाएं राशन लेने, पूजा करने या बैठकों में शामिल होने निकलती हैं, लेकिन दुकान के बाहर जमा शराबियों की भीड़ से उन्हें गाली-गलौज, सीटी बजाने और फब्तियां कसने जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित