मुरैना , अगस्त 17 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की कार्यवाहक प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी निधि गुप्ता को कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने सोमवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार निधि गुप्ता और एक शराब ठेकेदार के बीच रुपयों के लेनदेन से संबंधित बातचीत का वीडियो और ऑडियो गत एक अगस्त को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। कलेक्टर ने वायरल वीडियो और ऑडियो का संज्ञान लेते हुए पांच अगस्त को निधि गुप्ता को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया था।

निधि गुप्ता ने 12 अगस्त को नोटिस का जवाब प्रस्तुत किया। जवाब का परीक्षण करने के बाद कलेक्टर ने उसे संतोषजनक नहीं पाया। इसके बाद कलेक्टर ने सोमवार को निलंबन के आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान निधि गुप्ता का मुख्यालय मुरैना जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित