सीतापुर , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के हरगांव थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने बिंद्रेश वर्मा, संजय, शांति देवी और अमित को रूपन लाल की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर हरगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा, कोल्ड ड्रिंक की प्लास्टिक की बोतल तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 29 जुलाई को ग्राम नागौरी खुर्द में शराब चोरी को लेकर हुए विवाद के बाद उन्होंने रूपन लाल की हत्या की योजना बनाई। इसके तहत बिंद्रेश वर्मा और संजय ने रूपन लाल की तलाश कर उसके सिर पर ईंट से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी शव की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उस पर शराब डालकर आग लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित