रायपुर , जून 02 -- छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छठवें पूरक आरोप पत्र में हुए खुलासों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर आज तीखा हमला बोला है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय ने मंगलवार को यहां एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में हुए कथित शराब घोटाले के कारण प्रदेश की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई और जनता के संसाधनों का दुरुपयोग किया गया।
पाण्डेय ने कहा कि ईडी के पूरक आरोप पत्र में कई नए तथ्यों का उल्लेख किया गया है। उन्होंने दावा किया कि शराब घोटाले से अर्जित कथित अवैध धनराशि का निवेश अन्य राज्यों में किया गया, जिसमें गोवा के एक होटल में निवेश का भी उल्लेख है। उन्होंने कहा कि ईडी द्वारा इस मामले में अब तक बड़ी मात्रा में संपत्तियां कुर्क अथवा फ्रीज की जा चुकी हैं तथा कई आरोपियों को नामजद किया गया है।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि इस कथित घोटाले में राजनेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और कारोबारियों का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय था। उन्होंने कहा कि मामले में कई पूर्व मंत्री और अधिकारी जांच एजेंसियों की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित