भिण्ड , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड देहात थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक की पैंट चोरी होने का मामला चर्चा का विषय बन गया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के निवासी चालक ने केवल लुंगी पहनकर थाने पहुंचकर पैंट चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चालक की मदद करते हुए उसे घर लौटने के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई।

पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के छल्ला गांव निवासी विपिन कुमार ग्वालियर में ट्रक चलाने का काम करता है। उसने बताया कि अटेर क्षेत्र में ट्रक मालिक को वाहन सौंपने के बाद उसने शराब पी और कहीं जाकर सो गया। जब उसकी नींद खुली तो उसकी पैंट गायब थी और वह केवल लुंगी में था।

चालक ने पुलिस को बताया कि उसकी पैंट में 1,500 रुपये नकद, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस रखा हुआ था। उसने पुलिस से पैंट और उसमें रखे दस्तावेज तलाशने की गुहार लगाई। हालांकि पूछताछ के दौरान वह यह नहीं बता सका कि वह किस स्थान पर सोया था और पैंट कहां से चोरी हुई। पुलिस के अनुसार नशे की हालत के कारण उसे घटना स्थल की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं थी।

भिण्ड देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने चालक की स्थिति को देखते हुए उसे घर लौटने के लिए 400 रुपये की आर्थिक सहायता दी। साथ ही उसे शराब का सेवन नहीं करने की समझाइश दी। चालक ने भविष्य में शराब नहीं पीने का आश्वासन देते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित