नोएडा , जून 19 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जहां एक युवक शराब के नशे में सेक्टर-6 स्थित नाले में गिर गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए शुक्रवार को बताया कि एक व्यक्ति ने फेस वन थाना पर सूचना दी कि उसका साला वेद प्रकाश यादव (31) पुत्र छत्रपाल सिंह, निवासी ग्राम होर्ची, थाना निंदौली, शराब पीने का आदी था। बताया गया कि बीती रात वह शराब के नशे में था और इसी दौरान सेक्टर-6 के नाले में गिर गया। घटना के बाद उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर जांच-पड़ताल की। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के कोई स्पष्ट या बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
फेस वन थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में नाले में गिरने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सेक्टर-6 क्षेत्र में स्थित नालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग की मांग लंबे समय से की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित