चमोली , जनवरी 12 -- उत्तराखंड के चमोली जिले के रोपा, डेडा, बछेर सहित आस पास के कई गांवों की महिलाओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में कलेक्ट्रेट परिसर में जिला आबकारी विभाग के कार्यालय में पहुँच कर गांवों तक शराब पहुंचने पर अपना आक्रोश लोकतांत्रिक ढंग से जताया। शराब के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश अहिंसात्मक तरीके से रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारी महिलाएं हाथों में शराब के खिलाफ बैनर तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची और उन्होंने शराब का विरोध किया। महिलाओं ने 'गाँव-गाँव, घर-घर शराब पहुंचाने वाले लोग और सरकार शर्म करो' के नारे लगायें। महिलाओं ने शराब की दुकानों और इन दुकानों से अन्य माध्यमों से गाँवों में शराब पहुंचाने के विरोध में जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन भी दिया।

शराब के खिलाफ जिला आबकारी कार्यालय पर विरोध दर्ज करने आयी रोपा गाँव की महिलाओं में करिश्मा देवी, कला देवी, सरोज देवी , मनोरमा देवी, मंजू देवी ने बताया शराब पहाड़ के गाँव गाँव घर तक पहुंचायी जा रही है और आबकारी विभाग मौन है। सरकार शराब की दुकानें खोलने में ध्यान रही है। जबकि शराब ने गाँव और युवाओं को बर्बाद कर दिया है। शराब के खिलाफ महिलाओं के इस लोकतांत्रिक विरोध में महिलाओं ने बडी़ संख्या में पहुँच कर अपनी बात रखी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित