बैतूल , अक्टूबर 6 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में घरेलू कलह और शराब की लत से उपजे तनाव के चलते एक 24 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सोना घाटी पुलिस चौकी अंतर्गत झाड़े गांव की है। पुलिस ने मंगलवार को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका रेखा (24) पत्नी शंकर सरयाम ने सोमवार शाम निर्माणाधीन मकान में फांसी लगाई। इससे पहले पति-पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा, तो नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
मृतका के भाई ने बताया कि पति को शराब की लत थी और इसी कारण अक्सर झगड़े होते रहते थे। घटना वाले दिन भी विवाद हुआ था। रेखा की शादी वर्ष 2021 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। पति ईंट भट्टे पर ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता है। सोनाघाटी पुलिस चौकी की एसआई चित्रा कुमरे ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है और महिला द्वारा यह कदम उठाने के वास्तविक कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित