श्रीगंगानगर , जनवरी 28 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर मद्य निषेध दिवस पर शराब की बिक्री करने का वीडियो बनाने का प्रयास करने वाले मीडियाकर्मी को शराब के ठेका कर्मियों के बंधक बनाकर बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है।
पीड़ित मीडिया कर्मी रॉबिन अग्रवाल (40) ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में मद्य निषेध दिवस घोषित होने के बावजूद शहर में कई ठेकों पर खुलेआम शराब की बिक्री हो रही थी। इस पर उसने एक दुकान पर रात में शराब बिक्री होती देखी, तो उसने अपने सहयोगी के साथ मोबाइल फोन से वीडियो बनाने का प्रयास किया। इस पर ठेके के कर्मचारियों ने उसे दुकान में बंधक बना लिया और उससे मारपीट करने के बाद मोबाइल से सारा डेटा डिलीट कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच सहायक उप निरीक्षक विजयसिंह को सौंपी है। सदर पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है। साथ ही शराब ठेकेदार, उसके सेल्समैन और अन्य संबंधितों से पूछताछ जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित