सागर , मई 10 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के सानौधा थाना अंतर्गत शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शराब ठेका कारोबार से जुड़े कर्मचारियों द्वारा की गई मारपीट में घायल दूसरे युवक की भी मौत हो गई। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों सहित अन्य के विरुद्ध हत्या और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शाहपुर निवासी नीरज प्रजापति (38) अपने मित्र सूरज अहिरवार के साथ शुक्रवार रात गढ़कोटा से इलेक्ट्रिक फिटिंग का सामान लेकर मोटरसाइकिल से शाहपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बरेठा बाबा की घाटी पर बोलेरो वाहन से पहुंचे करीब एक दर्जन लोगों ने दोनों को रोक लिया और लाठी तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

परिजन रातभर दोनों की तलाश करते रहे। बाद में घाटी पर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल और गंभीर हालत में नीरज मिला, जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल सूरज अहिरवार ने पुलिस चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उपचार के दौरान शनिवार देर रात उसकी भी मौत हो गई।

रिपोर्ट में सूरज ने नीलेश अहिरवार, हर्ष लोधी, भगवत पटेल समेत पांच लोगों पर अवैध शराब बेचने की आशंका में मारपीट करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। हालांकि घटना के दो दिन बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर बताए जा रहे हैं।

नीरज की मौत से आक्रोशित लोगों ने शनिवार को शराब दुकान में तोड़फोड़ और आगजनी का प्रयास किया था, जिस पर पुलिस ने समय रहते काबू पा लिया। वहीं सूरज की मौत के बाद रविवार सुबह शाहपुर-पथरिया मार्ग पर शव रखकर परिजनों और ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस के अनुसार मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया जाना शेष है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित