पटना , अगस्त 11 -- बिहार सरकार की मंत्री शीला मंडल ने मंगलवार को कहा कि शराबबंदी के कारण परिवारों में आर्थिक बचत बढ़ी है और घरेलू हिंसा में कमी आई है।जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों के विधि-सम्मत त्वरित निष्पादन के लिये संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में श्रीमती शीला मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्ष 2016 में शराबबंदी लागू कर समाज सुधार की दिशा में साहसिक और महत्वपूर्ण कदम उठाया था। इसके बाद से प्रदेश के सामाजिक वातावरण में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। खासकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की मेहनत की कमाई अब शराब पर खर्च होने के बजाय बच्चों की पढ़ाई, परिवार की जरूरतों और घर की खुशहाली पर खर्च हो रही है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के कारण परिवारों में आर्थिक बचत बढ़ी है, घरेलू हिंसा में कमी आई है और महिलाओं के जीवन में सुरक्षा एवं सम्मान का भाव मजबूत हुआ है। शराबबंदी ने सामाजिक सौहार्द और पारिवारिक खुशहाली को मजबूती देने का काम किया है।

इस मौके पर कार्यक्रम के समन्वय के लिये प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी श्रीमती अंजुम आरा मौजूद थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित