पुणे , नवंबर 02 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार को सोमवार को सीने में तेज तकलीफ की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया।

राकांपा (एसपी) के 85 वर्षीय नेता को अचानक खांसी आने और 'प्ल्युरिटिक पेन' के लक्षण दिखने के बाद तुरंत अस्पताल ले जाया गया। यह छाती में होने वाला एक तेज़ दर्द है जो आमतौर पर सांस लेने, खांसने या छींकने पर और बढ़ जाता है; ऐसा फेफड़ों के चारों ओर की झिल्ली में सूजन आ जाने के कारण होता है।

स्वास्थ्य में अचानक आयी गिरावट के कारण उन्हें इलाके में सूखा-आकलन के लिए तय अपना दौरा बीच में ही रद्द करना पड़ा और वह सोलापुर से सीधे पुणे वापस लौट गये।

पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच बढ़ती चिंताओं को दूर करते हुए श्री पवार की बेटी एवं बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य संबंधी आधिकारिक जानकारी साझा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित