पुणे , अप्रैल 09 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने उम्मीद जताई है कि महाराष्ट्र के बारामती विधानसभा क्षेत्र में होने वाला आगामी उपचुनाव महाराष्ट्र की पुरानी राजनीतिक परंपराओं के अनुरूप निर्विरोध संपन्न होगा।

यह सीट पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के असामयिक निधन के कारण खाली हुई है। श्री पवार ने कहा कि किसी प्रमुख एवं कुशल जन प्रतिनिधि के निधन के बाद राज्य में यह एक परंपरा रही है कि अन्य पार्टियां अपने उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारतीं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से इस राजनीतिक संस्कृति का सम्मान करने और इसे बनाए रखने का आग्रह किया।

नामांकन वापस लेने की समय सीमा आज समाप्त होने के साथ ही कांग्रेस पर अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का दबाव बढ़ गया है। राकांपा (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने गुरूवार को महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से मुलाकात की और पार्टी से चुनाव मैदान से हटने का अनुरोध किया। इस बीच, कांग्रेस उम्मीदवार एडवोकेट अशोक मोरे ने भी श्री शरद पवार से मुलाकात की।

श्री पवार ने कहा, "हालांकि कांग्रेस एक स्वतंत्र पार्टी है और अपने फैसले लेने के लिए पूरी तरह आज़ाद है, फिर भी स्थापित राजनीतिक मानदंडों के अनुरूप इस चुनाव को निर्विरोध कराना ही उचित होगा।" उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला कांग्रेस नेतृत्व के हाथ में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित