रायपुर , मई 11 -- ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के साथ असम के गुवाहाटी रवाना हुए। तीनों नेता वहां असम में नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

रायपुर हवाई अड्डा पर संवाददाताओं से बातचीत में श्री साय ने कहा, "असम में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है और हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मैं और हमारे दोनों उपमुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित होने के लिए गुवाहाटी जा रहे हैं।"वहीं श्री साव ने बताया कि असम सरकार की ओर से उन्हें समारोह में शामिल होने का निमंत्रण प्राप्त हुआ है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पेट्रोल, डीजल और उर्वरक पदार्थों को लेकर जनता से सहयोग की अपील का समर्थन किया।

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री ने देश की जनता से पेट्रोल, डीजल और उर्वरक पदार्थों को लेकर सहयोग की अपील की है। देश की परिस्थितियों का सामना जनता के सहयोग से ही संभव होता है।" उन्होंने कहा, "जब-जब देश में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां आई हैं, तब-तब प्रधानमंत्री ने जनता से सहयोग मांगा है और देशवासियों ने भी साथ दिया है। कोई भी देश तभी सक्षम बनता है, जब जनता का सहयोग मिलता है। हम सभी मोदी जी के आवाहन पर अमल करेंगे।"कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री साव ने कहा, "क्या देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने कभी जनता से सहयोग नहीं मांगा था। वैश्विक महामारी कोरोना काल में श्री मोदी ने जनता से सहयोग मांगा था और पूरे देश ने मिलकर कोरोना को परास्त किया। देश को मजबूत और सक्षम बनाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।"समाजवादी पार्टी के एक सांसद द्वारा श्री मोदी के खिलाफ कथित अपशब्दों के इस्तेमाल पर भी साव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "देश के प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी जितनी निंदा की जाए कम है।"भारतीय जनता पार्टी की आगामी संगठनात्मक बैठक को लेकर पूछे गए सवाल पर श्री साव ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें भविष्य की रणनीति और संगठन को और सशक्त स्वरूप देने पर चर्चा की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित