बारां , मई 16 -- राजस्थान में हाड़ौती क्षेत्र के प्रसिद्ध प्राचीन शनि महाराज मंदिर एवं दिव्य प्रकट स्थल बोरेड़ी शनिधाम में शनिवार को शनि अमावस्या एवं शनि जयंती के पावन अवसर पर श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

तड़के से ही विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का शनिधाम पहुंचना शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। मंदिर परिसर में "जय शनिदेव" के जयघोषों के बीच भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करके सुख-समृद्धि एवं कष्टों से मुक्ति की कामना की।

इस अवसर पर अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया भी शनिधाम पहुंचे। उन्होंने शनि महाराज की पूजा-अर्चना करके राज्य एवं क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की प्रार्थना की। इसके बाद श्री भाया ने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर पुए के प्रसाद का वितरण किया।

उन्होंने कहा कि बोरेड़ी शनिधाम सम्पूर्ण हाड़ौती क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां प्रत्येक शनि अमावस्या पर हजारों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं।

श्री भाया ने बताया कि शनिधाम विकास एवं वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा प्रशासन के सहयोग से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये व्यापक व्यवस्थाएं की गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित