न्यू चंडीगढ़ , मई 28 -- आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुक़ाबले में सनराइज़र्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ 29 गेंदों पर 97 रनों की पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी ने इस पारी में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए लेकिन वह इस टूर्नामेंट में क्रिस गेल के नाम 30 गेंदों पर सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। हालांकि मुक़ाबले के बाद सूर्यवंशी ने कहा कि उन्हें पारी के बाद पता चला कि उनसे यह रिकॉर्ड मिस हो गया।

सूर्यवंशी ने कहा, "मुझे आउट होने के बाद पता चला कि मैंने सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड मिस कर दिया है। मेरा फ़ोकस छक्के लगाने पर था। मैं शतक तो आगे भी लगा सकता हूं लेकिन कोशिश यही रहती है कि टीम के लिए जितना हो सके योगदान दे सकूं।"सूर्यवंशी ने अपनी पारी में कुल 12 छक्के और पांच चौके जड़े। सूर्यवंशी गेल के सबसे तेज़ आईपीएल शतक से तो चूक गए लेकिन अपनी इस पारी में सूर्यवंशी ने आईपीएल के एक सीज़न में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाते हुए गेल को पछाड़ दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित