ग्रेटर नोएडा , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा बादलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत धूम मानिकपुर में सोमवार को बिजली कर्मचारी की मृत्यु का मामला प्रकाश में आया।

बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक लाइनमैन की जान ले ली। आरोप है कि विधिवत शटडाउन लेने के बावजूद बिजली लाइन में करंट चालू रहा, जिसकी चपेट में आने से लाइनमैन रवि की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित बिजली कर्मचारी और परिजन शव को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग 91 पर जाम लगाकर बैठ गए।

सूचना मिलते ही बादलपुर थाना पुलिस सहित कई थानों की पुलिस और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हालात को नियंत्रित करने और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन ने मामले की जांच कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मृतक के परिवार को सरकारी नौकरी व उचित मुआवजा देने की मांग की। मौके पर मौजूद बिजली विभाग साथी कर्मचारियों का कहना है कि नियमानुसार शटडाउन लिया गया था, लेकिन इसके बावजूद लाइन में करंट कैसे आया, यह गंभीर जांच का विषय है। उनका आरोप है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ। कर्मचारियों ने बताया कि इससे पहले भी कई लाइनमैन ड्यूटी के दौरान हादसों का शिकार हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजामों को लेकर विभाग गंभीर नहीं है।

गुस्साए कर्मचारियों और परिजनों ने बादलपुर क्षेत्र स्थित बिजली सब-स्टेशन के सामने हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन किया, जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

फिलहाल, परिजन और कर्मचारी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मृतक के आश्रित को नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग पर अड़े हुए हैं जिसे लेकर प्रशासन द्वारा पीड़ित परिजनों को समझाइश की जा रही है और उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग से हटा दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित