जालौन , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के गोहन थाना क्षेत्र में शनिवार को शटडाउन लेकर विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य कर रहे एक प्राइवेट लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
थाना प्रभारी गोहन ने बताया कि गोहन फीडर से कुरसेड़ा जाने वाली विद्युत लाइन पर 25 वर्षीय प्राइवेट लाइनमैन आकाश कुमार शाक्यवार मरम्मत कार्य कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार्य शुरू करने से पहले लाइन का शटडाउन लिया गया था, लेकिन किसी स्तर पर अचानक विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गए।
गंभीर रूप से झुलसे आकाश को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साथ ही विद्युत विभाग से यह जानकारी भी जुटाई जा रही है कि शटडाउन के दौरान लाइन में विद्युत प्रवाह कैसे बहाल हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित