कानपुर , मई 8 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा कानपुर दक्षिण इकाई द्वारा चलाए जा रहे शक्ति केंद्र सत्यापन अभियान की समीक्षा बैठक जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने की। बैठक में एक मई से 10 मई तक चल रहे शक्ति केंद्र सत्यापन अभियान की प्रगति, बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता तथा संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसकी सबसे बड़ी ताकत बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शक्ति केंद्र एवं बूथ समितियों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जहां नए बूथ एवं शक्ति केंद्र बने हैं, वहां नई समितियों का गठन किया जाएगा, जबकि पूर्व में गठित समितियों का पुनः सत्यापन कर उन्हें और सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
श्री सिंह ने कहा कि बूथ भाजपा की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है और प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने में बूथ समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
बैठक में अभियान से जुड़े पदाधिकारियों से फीडबैक लिया गया तथा आगामी दिनों में अभियान को और गति देने पर चर्चा की गई। जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे समयबद्ध ढंग से सत्यापन कार्य पूर्ण कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, अंकुर गुप्ता, विक्की मुरजानी, मधु तिवारी, सुरेंद्र चौहान, जितेंद्र सचान, सुरेश मोदी, वजुला तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित