भिवानी , मई 03 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठनात्मक ढांचे को धार देने और आगामी कार्यक्रमों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा के भिवानी में जिला भाजपा कार्यालय में ग्रामीण मंडल की बैठक हुई।
मंडल अध्यक्ष सुनील धारेडू की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक उपस्थित रहे। बैठक में संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने हर महीने के तीसरे सप्ताह में शक्ति केन्द्रों की बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने शक्ति केंद्रों की मजबूती पर भी फोकस किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री कौशिक ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसकी असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि आने वाले समय में कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही पार्टी की सफलता का मार्ग प्रशस्त करेगी।
श्री कौशिक ने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को धरातल पर और अधिक सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा, " हमारा लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जन-सेवा के माध्यम से हर व्यक्ति का विश्वास जीतना है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को अजेय बनाना होगा। सरकार की जनहितकारी नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यह सुनिश्चित करना भाजपा के हर सिपाही की जिम्मेदारी है। हम एक अनुशासित संगठन हैं और एकजुटता के साथ हम आगामी सभी लक्ष्यों को प्राप्त करेंगे।"इस मौके पर जिला महामंत्री रेखा राघव ने संगठन की कार्यप्रणाली पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि संगठनात्मक अनुशासन ही हमारी पहचान है। मंडल सह प्रभारी राहुल शर्मा ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए निरंतर संपर्क और संवाद आवश्यक है। बैठक में बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार, नीतियों का प्रचार तथा आगामी कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर एकजुटता का परिचय दिया और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित