मुंबई , सितंबर 01 -- ियोहॉटस्टार ने अपनी आगामी ड्रामा सीरीज 'हुंकार: द रोर' की घोषणा की है। बिड़ला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित तथा पर्पल पेबल पिक्चर्स के सहयोग से मंगाता फिल्म्स के प्रोडक्शन में बनी यह सीरीज 25 सितंबर 2026 को जियोहॉटस्टार पर रिलीज होगी।
करण डी कपाड़िया, नित्या मेहरा और हीराज मारफतिया द्वारा निर्देशित 'हुंकार: द रोर' 17 वर्षीय मीनू रावत की कहानी है। मीनू द्वारा सम्मानित पंथ नेता सुनील चकोसी उर्फ 'बापजी' पर लगाए गए आरोप के बाद एक हाई-प्रोफाइल जांच शुरू होती है, जो धीरे-धीरे पूरे देश का ध्यान आकर्षित करती है।
सीरीज में फातिमा शेख, अर्जुन माथुर, मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनीत पड्डा, रघुबीर यादव और राम कपूर सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
सीरीज की कहानी में पुलिस जांच, कानूनी लड़ाई और मीडिया ट्रायल के तीन अलग-अलग पहलुओं को सामने रखा गया है। एसीपी जसलीन सिंह सोनी, वकील भालेराव और पत्रकार अमिताभ अपने-अपने स्तर पर एक ही सच की तलाश करते नजर आएंगे। ताकत, रसूख और जनमत के बीच इन तीनों की लड़ाई कहानी को आगे बढ़ाएगी।
निर्माताओं के अनुसार, 'हुंकार: द रोर' एक तनावपूर्ण और दमदार कहानी है, जो दर्शकों को घटनाओं के पीछे छिपे सच पर सवाल उठाने के लिए मजबूर करेगी। सीरीज में यह भी दिखाया जाएगा कि किसी आरोप के सामने आने के बाद पुलिस, अदालत और मीडिया किस तरह अपनी-अपनी भूमिका निभाते हैं।
बिड़ला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित, पर्पल पेबल पिक्चर्स के सहयोग से मंगाता फिल्म्स प्रोडक्शन की इस सीरीज को करण डी कपाड़िया और नित्या मेहरा ने तैयार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित