सांगली , अगस्त 21 -- महाराष्ट्र के सांगली में प्रस्तावित शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे के खिलाफ किसान नेताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों और शक्तिपीठ हाईवे विरोधी संघर्ष समिति ने जिलाधिकारी कार्यालय तक एक विशाल मोर्चा निकाला और इस ग्रीनफील्ड हाईवे परियोजना को पूरी तरह रद्द करने की मांग की।

सांसद विशाल पाटिल, राकांपा (एसपी) विधायक जयंत पाटिल, कांग्रेस एमएलसी सतेज पाटिल, स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता राजू शेट्टी और महादेव जानकर के नेतृत्व में किसानों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने "जान देंगे लेकिन शक्तिपीठ हाईवे के लिए जमीन नहीं देंगे" और "जमीन हमारी है, किसी और की नहीं" जैसे नारों के साथ तख्तियां प्रदर्शित कीं।

जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष सभा को संबोधित करते हुए श्री पाटिल ने कहा कि प्रस्तावित हाईवे से 25,000 एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि नष्ट हो जाएगी और यह सांगली, कोल्हापुर तथा सतारा जिलों को बाढ़ के खतरे में धकेल देगा। श्री शेट्टी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि इस हाईवे की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। बाद में नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित