बैतूल , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र स्थित चिरापाटला के शंकर ढाबा में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले के एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस के अनुसार 02 अगस्त को ग्राम चूनाहजूरी निवासी नितिश यादव अपने साथियों अंगद यादव, नयन यादव और महेश यादव के साथ शंकर ढाबा पर पहुंचे थे। इसी दौरान रिंकू उर्फ रोहित राठौर अपने साथियों के साथ वहां आया। शराब बिक्री को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने अंगद यादव पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके पेट और दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों के साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई। घायल अंगद यादव का भोपाल में उपचार चल रहा है। घटना की शिकायत पर चिचोली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे तथा एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक हरिओम पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोहित उर्फ रिंकू राठौर सहित सुनील उर्फ बोका बारस्कर, अर्जुन धुर्वे, शेख राजा, शेख साहिल, रोहित विश्वकर्मा और अंकित सरनेकर को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी, नकबजनी, मारपीट, आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम तथा अन्य गंभीर अपराधों के कई प्रकरण दर्ज हैं। मुख्य आरोपी रोहित उर्फ रिंकू राठौर के खिलाफ कुल 13, सुनील उर्फ बोका बारस्कर के खिलाफ 14 तथा शेख साहिल के खिलाफ आठ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले का एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित