वाराणसी , जनवरी 30 -- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को ज्योतिषपीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से भेंट कर उनके प्रति सम्मान जताया और हाल ही में प्रयागराज में हुई कथित दुर्व्यवहार की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। दोनों नेताओं ने इसे संत परंपरा और देश की सांस्कृतिक विरासत पर आघात बताया।

इससे पहले दोनों नेताओं ने बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और सद्भाव की कामना की। दर्शन के बाद वे विद्या मठ पहुंचे, जहां शंकराचार्य से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान काशी की संत परंपरा, आध्यात्मिक मूल्यों और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

अविनाश पांडेय ने कहा कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जैसे विद्वान एवं राष्ट्रचिंतक संत के साथ दुर्व्यवहार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि संत समाज भारत की आत्मा है और उनके सम्मान व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी संतों के मान-सम्मान के साथ मजबूती से खड़ी है।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना और संत परंपरा की शाश्वत राजधानी है। प्रयागराज की घटना को उन्होंने काशी की गरिमा और देश की सांस्कृतिक आत्मा पर प्रहार बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी ऐसे किसी भी कृत्य का पुरजोर विरोध करती है और शंकराचार्य के साथ पूरी निष्ठा व सम्मान के साथ खड़ी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित