लखनऊ , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शंकराचार्य पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, "पहन ले कोई जैसे भी 'चोले', पर उसकी वाणी पोल खोले।"अखिलेश के मुताबिक परम पूज्य शंकराचार्य जी के संबंध में अपमानजनक शब्दों का प्रयोग शाब्दिक हिंसा है और यह पाप की श्रेणी में आता है।
अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर ट्वीट करते हुए कहा है कि ऐसे बयान देने वाले के साथ-साथ सदन में मेज थपथपाकर समर्थन करने वाले भी नैतिक रूप से जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भाजपा विधायक जनता के बीच जाएंगे तो उन्हें जवाब देना पड़ेगा। जनता सड़क पर उनका सदन लगा देगी।
सपा प्रमुख ने महाकुंभ से जुड़े मुद्दों को भी उठाते हुए आरोप लगाया कि मौतों के सही आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए गए और मुआवजे के वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती गई।
उन्होंने सवाल किया कि जिन पीड़ितों तक मुआवजा नहीं पहुंचा, उसका पैसा कहां गया। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन पर खुद मुकदमे रहे हों, वे दूसरों के 'धर्म-पद' पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं रखते।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित