प्रतापगढ़ , मार्च 03 -- इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की संभावित गिरफ्तारी पर रोक लगाए जाने के बाद प्रतापगढ़ से कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने वाराणसी पहुंचकर उनसे मुलाकात की और आशीर्वाद प्राप्त किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी, पूर्व प्रमुख शिवगढ़ विवेक त्रिपाठी तथा अधिवक्ता प्रीतम शुक्ल के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल वाराणसी के केदारनाथ घाट स्थित श्रीमठ पहुंचा, जहां उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से भेंट की। इस अवसर पर डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि हाईकोर्ट का निर्णय न्याय और सत्य की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अदालत ने संविधान और विधि के अनुरूप निष्पक्ष निर्णय देकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा सुनियोजित साजिश के तहत शंकराचार्य को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य का अपमान पूरे सनातन धर्म का अपमान है और उनके सम्मान के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित