वाराणसी , अप्रैल 11 -- ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में भेलूपुर थाने में शनिवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(4) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

धमकी देने वाले ने ऑडियो मैसेज के माध्यम से कहा था कि शंकराचार्य को अतीक अहमद की तरह मार दिया जाएगा और उनका समय नजदीक आ गया है। पुलिस के अनुसार, शंकराचार्य को धमकी दिए जाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान धमकी भेजने वाले मोबाइल नंबर की भी पहचान की जा रही है।

शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि हाल ही में ज्योतिष पीठ के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर एक अप्रैल से लगातार टेक्स्ट मैसेज आने शुरू हुए थे। नंबर को ब्लॉक करने के बाद छह अप्रैल को वॉइस मेल में दो धमकी भरे ऑडियो संदेश भेजे गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित