देहरादून , जनवरी 22 -- उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने प्रयागराज में ज्योतिर्मठ पीठ के जगतगुरू शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरा नन्द के साथ किये गये दुर्व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा की है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बुधवार को कहा कि शंकराचार्य जैसे पूज्य संत के साथ किया गया दुर्व्यवहार न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक व धार्मिक परंपराओं और सनातनी मूल्यों पर सीधा प्रहार है, जिसकी कठोर शब्दों में निंदा की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि संत समाज ने हमेशा से देश को दिशा देने का कार्य किया है और उनके प्रति सम्मान रखना प्रत्येक सरकार और समाज की जिम्मेदारी है।

श्री गोदियाल ने कहा कि दुख की बात है कि आज उत्तर प्रदेश में सत्ता के संरक्षण में ऐसी घटनाएं हो रही हैं जो राज्य एवं देश की छवि को कलंकित कर रही हैं। यह भाजपा सरकारों की प्रशासनिक असंवेदनशीलता एवं अहंकार का परिणाम है कि देश में सनातन धर्म के सर्वोच्च पद पर बैठे पूज्य संतों को भी अपमानित होना पड़ रहा हैपार्टी के निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी के अध्यक्ष गोदियाल के आह्रवान पर दिनांक 24 एवं 25 जनवरी को प्रदेशभर के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मन्दिर प्रांगणों में दो घंटे का मौन उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के कांग्रेसजन सभी विधानसभा क्षेत्रों में इन दो दिनों में मन्दिर प्रांगणों पर दो घंटे का मौन उपवास रखते हुए जगतगुरू शंकराचार्य अभिमुक्तेश्वरानन्द के साथ हुए दुर्व्यवहार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित