प्रतापगढ़ , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा घुइसरनाथ धाम के पास शुक्रवार को एक युवक ने अपने परिजनों को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजने के बाद सई नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची तथा युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस सूत्रों के अनुसार युवक की पहचान रवि मौर्य (25) पुत्र विजय कुमार, निवासी पूरे शिवपाल डेहरा, विशेषरगंज, थाना संग्रामपुर, जनपद अमेठी के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सांगीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से सई नदी में खोजबीन शुरू कराई। पुलिस का कहना है कि राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

पुलिस के अनुसार युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है तथा खोज एवं बचाव अभियान जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित