मोतिहारी , जून 06 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में साइबर धोखाघड़ी से युवक को प्रेमजाल में फंसाकर उसका अपहरण और दो लाख रुपये की फिरौती मांगने के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर पीड़ित को सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मधुबन थाना क्षेत्र के बांकी टीकम गांव निवासी राजकिशोर राम ने सूचना दी कि उनके पुत्र रौशन कुमार का अपहरण कर लिया गया है और उसके मोबाइल फोन से यूपीआई क्यूआर कोड भेजकर दो लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान शुरू किया और प्राप्त इनपुट के आधार पर पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के चोरमा स्थित सुनसान चंवर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अपहृत युवक को घटना के महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में रौशन कुमार ने पुलिस को बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से वह व्हाट्सएप पर एक व्यक्ति से लड़की समझकर बातचीत कर रहा था। कथित युवती ने मिलने के बहाने उसे बुलाया, जहां पहुंचने पर अपराधियों ने उसका अपहरण कर लिया और परिजनों से फिरौती की मांग शुरू कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित