चंडीगढ़ , अप्रैल 25 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों के लिए बड़ा एलान करते हुएकहा है कि अगले सप्ताह से प्रदेश के किसानों को व्हाट्सएप के माध्यम से क्यूआर कोड आधारित जे-फॉर्म भेजे जाएंगे। इससे किसानों को ऋण लेने और अन्य सुविधाएं प्राप्त करने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि सरकार खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बना रही है।

मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगले सीजन से 'किसान ई-खरीद एप' भी शुरू किया जाएगा। इस एप के जरिए किसानों को जे-फॉर्म, भुगतान की स्थिति, फसल सत्यापन और गेट पास जैसी सभी जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेगी।

उन्होंने जानकारी दी कि रबी सीजन 2026-27 में हरियाणा की मंडियों में अब तक 81 लाख टन से अधिक गेहूं की आवक दर्ज की गयी है, जो पिछले चार वर्षों में सबसे अधिक है। सरकार द्वारा अब तक 70 लाख टन से ज्यादा गेहूं की खरीद की जा चुकी है और लाखों किसानों को समय पर भुगतान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए डिजिटल गेट पास, बायोमेट्रिक सत्यापन और जियो-फेंसिंग जैसी व्यवस्थाएं लागू की गयी हैं। साथ ही मंडियों में सीसीटीवी निगरानी भी सुनिश्चित की गयी है।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार फैसले ले रही है, जिनमें खराब फसल पर राहत, बढ़ाहुआ आढ़ती कमीशन और विभिन्न योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित