वाशिंगटन , सितंबर 26 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी टेनेसी यात्रा के दौरान समाचार चैनल सीएनएन को राष्ट्रपति के आधिकारिक विमान 'एयर फोर्स वन' पर सवार होने से रोक दिया है। इसके साथ ही, व्हाइट हाउस टेलीविजन प्रेस पूल के तहत निर्धारित अपनी जिम्मेदारियों को निभाने से सीएनएन को वंचित कर दिया गया है।
सीएनएन को रोटेटिंग टेलीविजन पूल के तहत शनिवार को राष्ट्रपति ट्रंप के साथ एक कॉलेज फुटबॉल मैच के लिए नॉक्सविल (टेनेसी) जाना था। अमेरिका में यह प्रेस पूल राष्ट्रपति की यात्राओं के दौरान सीमित स्थान होने पर कवरेज करता है और सभी प्रमुख समाचार नेटवर्कों के साथ फुटेज और जानकारी साझा करता है। हालांकि, व्हाइट हाउस ने शुक्रवार रात एक नया शेड्यूल जारी कर सीएनएन को इस यात्रा से बाहर कर दिया। बाद में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएनएन की जगह कंजर्वेटिव आउटलेट 'रियल अमेरिकाज वॉइस न्यूज' को इस यात्रा में शामिल किया गया है।
व्हाइट हाउस का यह कदम ऐसे समय में आया है जब महज दो दिन पहले ही एक संघीय अदालत के आदेश के बाद सीएनएन, एमएस नाउ और पोलिटिको को व्हाइट हाउस परिसर में फिर से प्रवेश की अनुमति मिली थी। पिछले सप्ताह राष्ट्रपति ट्रंप ने इन तीनों मीडिया संस्थानों पर "फेक न्यूज" फैलाने का आरोप लगाते हुए उनके प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था।
अमेरिकी जिला न्यायाधीश टिमोथी केली ने बाद में प्रशासन को व्हाइट हाउस परिसर में इन आउटलेट्स की पहुंच बहाल करने का अंतरिम आदेश दिया था। हालांकि, अदालत का यह फैसला मुख्य रूप से व्हाइट हाउस परिसर के पास (हार्ड पास) से संबंधित था और इसमें एयर फोर्स वन या प्रेस पूल की यात्रा को लेकर स्पष्ट निर्देश नहीं दिए गए थे।
इसी बीच, राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर सीएनएन और अन्य प्रमुख मीडिया आउटलेट्स पर फिर से हमला बोलते हुए लिखा कि जिन्हें वे "फेक न्यूज" मानते हैं, उन्हें व्हाइट हाउस में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित