जौनपुर , मई 03 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर में ज़िला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने केंद्र सरकार द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई हालिया बढ़ोतरी की कड़े शब्दों में निंदा की है। संगठन ने इस निर्णय को व्यापार और आम आदमी की जेब पर 'दोहरी मार' करार दिया है।

उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह इंदू ने रविवार को कहा कि कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से होटल, रेस्तरां, ढाबा और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े छोटे व्यापारियों की लागत काफी बढ़ जाएगी। लागत बढ़ने के कारण अब खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ाना उनकी मजबूरी होगी, जिसका सीधा असर आम जनता की थाली पर पड़ेगा। श्री इंदु ने आगे कहा कि कोरोना काल के बाद अभी बाजार पूरी तरह संभल भी नहीं पाया था कि ईंधन के दामों में लगातार हो रही वृद्धि ने मध्यम और लघु उद्योगों एम एस एम ई एस की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ व्यापार सुगमता की बात करती है और दूसरी तरफ लगातार कमर्शियल गैस के दाम बढ़ाकर छोटे उद्यमियों को संकट में डाल रही है। यह वृद्धि तत्काल वापस ली जानी चाहिए, अन्यथा पूरे देश का व्यापारी समाज सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित