भरतपुर , मई 10 -- राजस्थान में भरतपुर में सड़क चौड़ीकरण और फ्लाईओवर बनाने के लिए बिना उचित मुआवजा दिये दुकानों के तोड़े जाने के विरोध में जिला व्यापार महासंघ 17 मई को सांकेतिक अनशन करेगा।

महासंघ के जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने रविवार को कहा कि मांगें नहीं माने जाने की स्थिति में 26 मई को भरतपुर बंद रखा जायेगा। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में रविवार को शहर के लक्ष्मण मंदिर चौक पर विरोध प्रदर्शन के साथ सद्बुद्धि यज्ञ किया।

श्री गुप्ता ने कहा कि विकास के नाम पर अधिकारी एक तरफ पैसे की बर्बादी कर रहे हैं दूसरी तरफ सरकार दुकानें तोड़ रही है, लेकिन मुआवजे की कोई बात नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि विकास की जगह भरतपुर में विनाश किया जा रहा है। सरकार भी व्यापारियों की नहीं सुन रही।

महासंघ के जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता एवं जिला महामंत्री विपुल शर्मा ने "मुआवजा दो, फिर सड़क चौड़ी करो" का नारा देते कहा कि सरकार व्यापारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। व्यापारी अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं, किसी से भीख नहीं मांग रहे। उन्होंने कहा कि जिन व्यापारियों के पास उनकी भूमि एवं दुकानों के वैध दस्तावेज हैं उन्हें उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित