बारां , जून 15 -- राजस्थान में बारां में व्यापार महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा को ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका कॉलोनी स्थित खसरा नंबर 684 को आवासीय परियोजना में दर्ज करने की मांग की।

व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश कुमरा ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए चौपाटी बाजार को एक घंटा अतिरिक्त समय तक खोलने की अनुमति देने की मांग की गयी है, साथ ही शहर में बिगड़ रही विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था और बढ़ती आपराधिक एवं चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।

उन्होंने बताया कि ज्ञापन में नगर पालिका कॉलोनी स्थित खसरा नंबर 684, रकबा 1.55 हेक्टेयर, को आवासीय परियोजना में दर्ज करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गयी। महासंघ का कहना है कि करीब 50 वर्ष पूर्व विकसित इस कॉलोनी में 300 से अधिक मकान बने हुए हैं, लेकिन अब तक इसे आवासीय परियोजना के रूप में दर्ज नहीं किया गया है।

इस पर श्री असावा ने प्रतिनिधिमंडल को मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने और खसरा नंबर 684 के मामले में तहसीलदार से रिपोर्ट लेकर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित