भरतपुर , मई 16 -- राजस्थान में भरतपुर में सडक चौड़ीकरण के नाम पर प्रशासन द्वारा मनमर्जी से की जा रही तोड़फोड़ के विरोध में व्यापार महासंघ ने 17 मई का अनशन स्थगित कर दिया है।

महासंघ के जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता एवं जिला महामंत्री विपुल शर्मा ने शनिवार को कहा कि नगर निगम द्वारा दिये गए आश्वासन की क्रियान्विति में कोताही बरती गई तो व्यापारियों का आंदोलन एवं 26 मई को भरतपुर बंद का आह्वान यथावत जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई के साथ हुई वार्ता में हीरादास से कुम्हेर गेट तक सड़क की चौड़ाई 100 फुट रखने, सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाली दुकानों की गहराई तोड़फोड़ के बाद 10 फुट या उससे कम रहने पर उन्हें अन्य स्थान पर पुनर्स्थापित करने, जिन दुकानों की गहराई 12 फुट से अधिक शेष रहेगी उनके टूटने वाले हिस्से के लिए मुआवजे का प्रावधान, नए मास्टर प्लान में 100 फुट सड़क का इंद्राज, संबंधित व्यापारियों को पट्टे देने, किराएदार दुकानदारों को भी प्रशासन द्वारा संरक्षित दर पर दुकानें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।

महासंघ की विज्ञप्ति के अनुसार अन्य प्रभावित क्षेत्रों सेवर, मानसिंह सर्किल से अछनेरा रोड एवं बिनारायण गेट से सिरकी वाले हनुमान मंदिर तक के क्षेत्रों में भी आपसी सहमति के आधार पर आगे की कार्यवाई का भरोसा दिलाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित