नयी दिल्ली , अक्टूबर 27 -- खुदरा व्यापारियों के संगठन भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने इंडिया गठबंधन की ओर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली का विरोध करते हुए कहा है कि इससे उस इलाके के व्यापारियों के कारोबार का भारी नुकसान होगा।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत गर्ग ने मंगलवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चातुर्मास में व्यापार गतिविधयां मंदी रहती हैं जिसके कारण व्यापारियों को नुकसान होता है। उन्हें त्योहारी सीजन का इंतजार रहता है जिसमें वे नुकसान की भरपायी करने की आस लगाये रहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में दिवाली और दूसरे पर्वों के समय रैली आयोजित करना व्यापारियों के हित के खिलाफ होगा क्यों कि इससे उनके कारोबार का भारी नुकसान होगा।
संगठन की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष नवीन गर्ग ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों जंतर मंतर पर आयोजित प्रदर्शनों के कारण दिल्ली के व्यापारियों को कई हजार करोड़ रुपये के कारोबार का नुकसान हो चुका है और इसका असर कामगारों और रेहड़ी पटरी वालों पर भी पड़ा है।
संगठन ने केंद्रीय गृह मंत्री तथा दिल्ली के उप राज्यपाल और मुख्यमंत्री से अपील की है कि इस रैली की किसी भी तरह से इजाजत नहीं दी जानी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस तथा इंडिया गठबंधन के अन्य घटक दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को बंद करने की मांग को लेकर रामलीला मैदान में बड़ी रैली का आयोजन करने की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित