भिण्ड , सितंबर 02 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड शहर के सदर बाजार स्थित किराना दुकान से मंगलवार रात जबरन बंधक बनाकर ले जाए गए व्यापारी नीलेश जैन को अटेर थाना पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल काली स्कॉर्पियो सहित चार आरोपियों को पकड़ा है।

पुलिस के अनुसार व्यापारी को दुकान के अंदर से जबरन पकड़कर बाहर ले जाया गया और स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि वाहन में आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे यह जानकारी नहीं थी कि वे उसे कहां ले जा रहे हैं।

व्यापारी के देर रात परिवार के साथ भिण्ड लौटने के बाद वह दहशत में है। उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। व्यापारी का कहना है कि समय पर पुलिस कार्रवाई नहीं करती तो आरोपी उसकी हत्या भी कर सकते थे।

नीलेश जैन ने पुलिस को बताया कि उसका किराना कारोबार ठीक चल रहा है और किसी व्यापारी से उसका लेन-देन को लेकर कोई विवाद नहीं है। आरोपियों द्वारा पुराने लेन-देन का हवाला दिया जा रहा था, जिसके बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है।

नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लेन-देन के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर व्यापारी को मुक्त कराया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा अपहरण के कारण, कथित लेन-देन के विवाद और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित