ग्वालियर , मार्च 8 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र के बालाबाई के बाजार में रविवार शाम एक लकड़ी व्यापारी के घर में आग लगने से एक महिला की झुलसकर मौत हो गई, जबकि घर में फंसे पांच लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बालाबाई के बाजार में रहने वाले लकड़ी व्यापारी कुंजबिहारी अग्रवाल के घर में रविवार शाम लगभग चार बजे अचानक आग लग गई। उस समय घर में व्यापारी परिवार के छह सदस्य मौजूद थे। आग लगते ही घर में धुआं भर गया और लपटें उठने लगीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया है कि घर में एसी में विस्फोट होने के बाद चिंगारी से गैस सिलेंडरों ने आग पकड़ ली और तेज धमाकों के साथ आग फैल गई। घटना के बाद परिवार के सदस्य एक-दूसरे को बचाने का प्रयास करने लगे।
सूचना मिलने पर पुलिस और नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर घर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान सचिन अग्रवाल की पत्नी अंकिता अग्रवाल गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। दमकल विभाग की 10 से अधिक गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया और करीब 50 से अधिक बार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं कलेक्टर रुचिका चौहान, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और विधायक सतीश सिकरवार भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित