नयी दिल्ली , अक्टूबर 29 -- रामलीला मैदान में कांग्रेस की एक नवंबर की प्रस्तावित के खिलाफ राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र सदर बाजार में व्यापारियों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी अपने हाथों में 'राहुल गांधी मोहब्बत की दुकान के नाम पर हमारी दुकान खराब मत करो' के नारों वाले पोस्टर लिये हुए थे।

प्रदर्शनकारियों ने श्री गांधी से एक नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की रैली को स्थगित करने की मांग की। सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने एकजुट होकर त्योहारों के दौरान व्यापार और बाजारों की व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की।इस अवसर पर व्यापारी नेता दीपक मित्तल, वरिंदर आर्य, राकेश राजपाल, दीपक निम्भल राजपाल शाहिद अनेक व्यापारी उपस्थित थे।

व्यापारियों ने कहा कि दीपावली सहित अन्य त्योहारों के आसपास का समय कारोबार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान दिल्ली कबाजारों में बड़ी संख्या में ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में किसी बड़ी रैली के कारण यातायात प्रभावित होने, जाम लगने और ग्राहकों को परेशानी होने की आशंका रहती है, जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ सकता है।

श्री पम्मा ने कहा, "मोहब्बत का संदेश दीजिए, लेकिन व्यापारियों की रोजी-रोटी और कारोबार की कीमत पर नहीं।" उन्होंने कहा कि व्यापारी पूरे साल त्योहारों के सीजन का इंतजार करते हैं। इस समय बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही और सुचारु यातायात बेहद जरूरी है। यदि बाजारों तक पहुंचने में लोगों को परेशानी होती है, तो इससे दुकानदारों के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों का उद्देश्य किसी के कार्यक्रम का विरोध करना नहीं, बल्कि बाजारों में व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखना और आम जनता को परेशानी से बचाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित